भाजपा नेता और सांसद मनोज तिवारी ने बीती देर रात औरंगाबाद से लौटते समय रोहतास जिले के डेहरी के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 10 अप्रैल को बिहार के नए सीएम के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान कई राजनीतिक मुद्दों पर भी खुलकर अपनी राय रखी। मनोज तिवारी ने पवन सिंह के राजनीतिक भविष्य, विपक्ष के आरोपों और बिहार की मौजूदा राजनीति पर विस्तार से चर्चा की। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भारतीय जनता पार्टी का बड़ा और महत्वपूर्ण नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अपने हर कार्यकर्ता के योगदान को हमेशा याद रखती है। उन्हें भी अब उचित सम्मान और बड़ी जिम्मेदारी मिलने वाली है।
पवन सिंह पर दिया बड़ा संदेश
मनोज तिवारी ने बिहार में मुख्यमंत्री पद को लेकर लंबे समय से जारी सस्पेंस पर कहा कि 10 अप्रैल को यह पूरी तरह खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों के चलते वे अभी नए मुख्यमंत्री का नाम सार्वजनिक नहीं कर सकते।सब कुछ सामान्य है और 10 अप्रैल तक राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला कर लिया जाएगा। पवन सिंह को लेकर भाजपा द्वारा ‘यूज’ किए जाने के सवाल पर मनोज तिवारी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करना विपक्ष की पुरानी आदत है। तिवारी ने साफ कहा कि पवन सिंह केवल एक स्टार नहीं बल्कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाई है। ऐसे में उनकी मेहनत को नजर अंदाज नहीं किया जाएगा।
मनोज तिवारी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा पवन सिंह को जल्द ही उनका हक देगी, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि आने वाले समय में पवन सिंह को पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके बाद विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए तिवारी ने कहा कि वे जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के आरोप लगाते रहते हैं। उनके मुताबिक, भाजपा में हर कार्यकर्ता की मेहनत और समर्पण का सम्मान किया जाता है, चाहे वह किसी भी क्षेत्र से जुड़ा क्यों न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी की कार्यशैली पारदर्शी है, और इसमें व्यक्तिगत लाभ के बजाय संगठन और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जाती है। यही कारण है कि भाजपा देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी हुई है।