22 मार्च 1912 को बंगाल प्रांत से अलग होने वाला बिहार आज 113 साल का हो गया। आज ही के दिन बंगाल से अलग बिहार राज्य की स्थापना की गई थी। इसको लेकर पटना में तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है जिसकी शुरुआत पटना के गांधी मैदान में आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे। बिहार दिवस के आयोजन को लेकर राजधानी का ऐतिहासिक गांधी मैदान पूरी तरह सजकर तैयार है। इस बार के आयोजन का थीम ‘उन्नत बिहार-विकसित बिहार’ रखा गया है। इसमें आम जनता की एंट्री पूरी तरह से मुफ्त रहेगी। इस दौरान बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए महाबोधि मंदिर, नालंदा विश्वविद्यालय, विश्व शांति स्तूप, तख्त श्रीहरिमंदिर पटना साहिब जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों की थ्री-डी प्रतिकृतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
पीएम मोदी ने बिहार के गौरव को याद किया
उधर आज बिहार दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने बिहार के लोगों को बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पर बिहार के लोगों को शुभकामनाएं दीं और राज्य के विकास में उनकी भूमिका की सराहना की। उन्होंने बिहार को वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार दिवस की बधाई देते हुए लिखा, ‘वीरों और महान विभूतियों की पावन धरती बिहार के अपने सभी भाई-बहनों को बिहार दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। भारतीय इतिहास को गौरवान्वित करने वाला हमारा यह प्रदेश आज अपनी विकास यात्रा के जिस महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है, उसमें यहां के परिश्रमी और प्रतिभाशाली बिहारवासियों की अहम भागीदारी है। हमारी संस्कृति और परंपरा के केंद्र-बिंदु रहे अपने इस राज्य के चौतरफा विकास के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी हार्दिक बधाई
इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, बिहार के सीएम नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा समेत कई नामचीन हस्तियों ने शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के लोगों को बधाई संदेश में कहा—’बिहार दिवस पर राज्य के सभी निवासियों को मैं हार्दिक बधाई देती हूं। बिहार की धरती प्राचीन काल से ही ज्ञान और विकास का केंद्र रही है। मेरा विश्वास है कि बिहार के निवासी अपनी प्रतिभा, दृढ़ संकल्प तथा परिश्रम के बल पर विकसित बिहार और विकसित भारत के निर्माण में अपना भरपूर योगदान देते रहेंगे।
नीतीश कुमार ने भी दी शुभकामना
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लिखा, ‘बिहार दिवस के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। बिहार का इतिहास गौरवशाली है और हम वर्तमान में अपने निश्चय से बिहार का गौरवशाली भविष्य तैयार कर रहे हैं। विकसित बिहार के सपने को साकार करने में भागीदारी के लिए मैं आप सभी का आह्वान करता हूं। हम सब मिलकर बिहार के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।’