– पुरुष एवं महिला टीमों के बीच होगा मुकाबला, मार्च पास्ट से होगी शुरुआत; आईपीएल की तर्ज पर दर्शकों के मनोरंजन की तैयारी
पटना। श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट, पटना की ओर से आगामी 5 सितंबर, शनिवार को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में श्री कृष्ण महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में बिहार की सबसे बड़ी राज्यस्तरीय दही-हांडी प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न जिलों की पुरुष एवं महिला टीमें हिस्सा लेंगी।
श्री दशहरा कमिटी ट्रस्ट के अध्यक्ष अरुण कुमार ने होटल मौर्या में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गांधी मैदान में वर्ष 1955 से रावण दहन की सांस्कृतिक परंपरा चली आ रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2023 में मिलर हाई स्कूल मैदान में श्री कृष्ण महोत्सव का आयोजन किया गया था। इस वर्ष महोत्सव का चौथा आयोजन गांधी मैदान में बड़े स्तर पर किया जा रहा है।
संस्कृति, प्रेम और भक्ति का संगम
अध्यक्ष अरुण कुमार ने कहा कि श्रीकृष्ण भारतीय संस्कृति, प्रेम, भक्ति, कर्म और लोकजीवन के प्रतीक हैं। दही-हांडी केवल एक खेल नहीं, बल्कि श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, सामूहिकता, साहस और टीम भावना से जुड़ी हमारी समृद्ध परंपरा है।
ट्रस्ट के चेयरमैन कमल नोपानी ने बताया कि इस बार आयोजित होने वाली दही-हांडी प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों की पुरुष एवं महिला टीमें भाग लेंगी। प्रत्येक टीम में 15 से 25 खिलाड़ी होंगे। प्रतियोगिता की शुरुआत दोपहर 12 बजे मार्च पास्ट से होगी। दर्शकों के मनोरंजन और टीमों के उत्साह को बढ़ाने के लिए आईपीएल की तर्ज पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।
विजेता टीम को 2.51 लाख रुपये का पुरस्कार
महोत्सव के संयोजक मुकेश कुमार नंदन ने बताया कि दही-हांडी प्रतियोगिता की विजेता टीम को गांधी मेमोरियल ट्रॉफी के साथ 2 लाख 51 हजार रुपये, द्वितीय विजेता को 1 लाख 51 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1 लाख 1 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। अन्य प्रतिभागी टीमों को भी सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बच्चों के लिए राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता
महोत्सव में बच्चों के लिए राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। कलमबाज टीम की शिल्पी सिंह ने बताया कि कलमबाज एवं सखी पाटलिपुत्र चैप्टर के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में 9 वर्ष तक की उम्र के करीब 90 बच्चे पंजीकृत हैं। प्रतियोगिता दोपहर 12:15 बजे से शुरू होगी और बच्चों को आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे।
दिनभर चलेगा कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार श्री कृष्ण महोत्सव का शुभारंभ सुबह 10 बजे से होगा। दोपहर 12 बजे मार्च पास्ट के साथ दही-हांडी प्रतियोगिता शुरू होगी। इसके बाद 12:15 बजे राधा-कृष्ण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। शाम 5:30 बजे महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। शाम 6 बजे से कृष्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि रात 8 बजे पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। प्रेस वार्ता में राजेश बजाज, आर्य नंदन, हर्ष नंदन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रभात रंजन शाही की रिपोर्ट