मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से रिश्वतखोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में पटना से पहुंची निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बुधवार को राजेपुर ओपी में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) मुन्ना कुमार को आठ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोपी एएसआई एक मामले में केस डायरी को मैनेज करने के बदले घूस मांग रहा था। इस अचानक हुई कार्रवाई से राजेपुर थाना परिसर और स्थानीय पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, जिले के बरूराज थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी बबन पासवान से एएसआई मुन्ना कुमार एक केस के सिलसिले में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने इसकी लिखित शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की। विभाग ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और शिकायतकर्ता को विशेष केमिकल लगे हुए नोट देकर राजेपुर ओपी भेजा। जैसे ही बबन पासवान ने थाना परिसर में ASI मुन्ना कुमार को ₹8,000 थमाए, पहले से घात लगाकर बैठी निगरानी की टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी ASI के हाथ धुलवाए गए, तो पानी का रंग तुरंत लाल हो गया, जिससे घूस लेने की वैज्ञानिक पुष्टि हो गई।
निगरानी विभाग की इस त्वरित कार्रवाई के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टीम कागजी प्रक्रिया पूरी करने के तुरंत बाद आरोपी एएसआई मुन्ना कुमार को हिरासत में लेकर पटना के लिए रवाना हो गई। निगरानी के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पटना मुख्यालय में आगे की पूछताछ की जाएगी, जिसके बाद उन्हें विशेष निगरानी अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद से जिले के अन्य थानों में भी हड़कंप का माहौल है।