पटना : बिहार में बेख़ौफ़ अपराधियों का कहर कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। ताजा मामला मुजफ्फरपुर से है, जहाँ बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली एक महिला को लूटपाट के दौरान विरोध करने पर गोली मारकर हथियार लहराते हुए फरार हो गया। इस घटना में महिला को दो गोली लगी जिससे वो गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल कायम है।
मिली जानकारी के अनुसार बेखौफ अपराधियों ने बेला औद्योगिक थाना क्षेत्र के बेला मोड़ के पास प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली एक महिला को लूटपाट के दौरान विरोध करने पर बाइक सवार तीन बदमाश ने गोली मार दी। गोली लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर गई। जिसके बाद तीनों बाइक सवार बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में महिला को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल महिला की पहचान आर्यन वर्मा की समृद्धि वर्मा के रूप में हुई है।
प्रत्यक्ष दर्शियों की माने तो उनका कहना है कि दिनदहाड़े छिनतई करने के चक्कर में बदमाशों ने पहले महिला को रोकना चाहा पर वो नहीं रुकी, तो पहले अपराधियों ने हवा में गोली चलाई। जिसके बाद महिला भागने लगी तभी अपराधी ने महिला को पीछे से गोली मार दी। जिसके बाद बड़े आराम से हथियार लहराते हुए भाग निकले। इस घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल कायम है।
वहीं, घटना की जानकारी मिलने के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। बेला थानाध्यक्ष रंजना वर्मा ने कहा कि अपराधियों ने सरेराह फायरिंग कर एक महिला को गोली मारी है। उनको इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस की टीम मामले के बारे में जांच पड़ताल कर रही है। महिला के बयान दर्ज कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।