पटना : बिहार में शराबबंदी कानून की समीक्षा और इसे लेकर जारी कयासों के बीच हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। मांझी ने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए संकेत दिया है कि भविष्य में शराबबंदी को लेकर कोई व्यवहारिक निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही उन्होंने पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जीतन राम मांझी ने मीडिया के सवाल बिहार में सम्राट चौधरी शराब चालू करेंगे… का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बहुत समझदार आदमी हैं, और वे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए ही कोई निर्णय लेंगे। शराबबंदी को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऐसा फैसला लेंगे, जिससे न जनहानि होगा, न धन की हानि होगी और न ही किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, प० बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर भी मांझी ने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर विपक्षी दलों के रुख से जनता में नाराजगी है, खासकर महिलाओं में असंतोष देखा जा रहा है। इसका सीधा फायदा NDA को मिल सकता है और इस बार पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति में बड़ा बदलाव संभव है।
उन्होने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बच्चियों को साइकिल योजना, पोशाक योजना और आरक्षण जैसे कदमों से राज्य में महिलाओं की स्थिति को मजबूत किया। इन योजनाओं से महिलाओं का सरकार पर विश्वास बढ़ा है और वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ रही हैं।