भोजपुर में एक विवाह स्थल पर देर रात हुए हमले में 3 लोगों की हत्या कर दिये जाने की खबर है। इस घटना को पुराने विवाद के कारण अंजाम दिये जाने की बात कही जा रही है। जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लहरपा गांव में बीती देर रात एक शादी समारोह में पूर्व से चले आ रहे विवाद के कारण अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। वारदात केे बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच जुट गई।
मृतकों में लहरपा गांव निवासी राहुल कुमार और लवकुश की पहचान हुई है जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की कोशिश की जा रही है। घायलों में उसी गांव का अप्पू कुमार, पंकज कुमार और नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव का निवासी अक्षय सिंह हैं। कुछ घायलों का इलाज आरा सदर और कुछ का निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। हालांकि घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि रविवार देर रात दूल्हे की गाड़ी से साइड लेने को लेकर पहले से चल रहे विवाद ने इस समारोह में तूल पकड़ लिया। इसी दौरान, गांव के कुछ अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। मरने वालों में लहरपा गांव के सुरेंद्र यादव का 23 वर्षीय पुत्र लवकुश कुमार और संजय सिंह का 22 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार शामिल थे। घायलों में पंकज कुमार (30), अप्पू कुमार (18) और अक्षय कुशवाहा (20) समेत पांच लोग शामिल हैं। इन सभी का इलाज आरा सदर अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस फिलहाल घटना के कारणों की पता लगाने में जुटी हुई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी पंकज कुमार ने बताया कि वह शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां विवाद बढ़ गया और अपराधियों ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। वहीं जख्मी युवक के परिजन प्रवीण कुमार ने बताया कि मेरा भाई गांव के एक शादी समारोह में खाना परोस रहा था। इसी दौरान पूर्व के विवाद को लेकर गांव के कुछ अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसमें मेरे भाई को भी गोली लग गई। भोजपुर एसपी राज और अन्य पुलिस बल मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन कर रहे हैं। इधर गोलीबारी और हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों द्वारा शव को सड़क पर रखकर दोषियों पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। इससे गडहनी में लंबा सड़क जाम लग गया है।