पटना/सारण (छपरा) : भगवान बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले की गुणवत्ता को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों पर वीडियो वायरल होने के बाद सारण के जिलाधिकारी के निर्देश पर छपरा नगर निगम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषपूर्ण नाला निर्माण को ध्वस्त कर पुनर्निर्माण का आदेश दिया है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त रंजीत कुमार को तत्काल जांच कर संबंधित संवेदक के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इसके बाद नगर आयुक्त ने कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता के साथ स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया नाला निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इसके बाद नगर आयुक्त के निर्देश पर दोषपूर्ण तरीके से निर्मित नाले को तत्काल डिस्मेंटल (Dismantle) करा दिया गया। साथ ही संबंधित संवेदक के विरुद्ध संविदा की शर्तों एवं प्रचलित नियमों के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि संबंधित स्थल पर नाले का पुनर्निर्माण स्वीकृत डिजाइन, निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य के प्रत्येक चरण की सतत निगरानी करने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि छपरा नगर निगम गुणवत्तापूर्ण एवं टिकाऊ आधारभूत संरचनाओं के निर्माण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी, लापरवाही अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट