बेतिया के बैरिया थानांतर्गत घुसकपुरा गांव निवासी 3 युवकों की बीती रात एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। जैसे ही उनके मौत की खबर घुसकपुरा गांव पहुंची, वहां कोहराम मच गया। बताया गया कि तीनों युवक एक ही बाइक से नाथबाबा चौक पर आयोजित महायज्ञ का मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद जब वे देर रात घर लौट रहे थे, इसी दौरान बगही बढ़िया टोला के समीप सड़क किनारे खड़े यूरिया लदे एक ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। हादसा बगही स्थित नाथबाबा चौक के पास देर रात्रि करीब 11:40 बजे हुई। बताया जाता है कि युवकों की बाइक तेज रफ्तार के कारण ट्रक में पीछे से जा घुसी।
परिजनों के अनुसार तीनों युवक नाथबाबा चौक पर लगे मेले को देखने गए थे। मेला घूमकर लौटने के दौरान जब वे बाइक से सड़क पर रफ्तार से गुजर रहे थे, तभी अचानक सामने एक बिना इंडिकेटर के खड़े ट्रक को सामने देख उनके होश उड़ गए। बाइक तेज रफ्तार में ट्रक में पीछे से जा घुसी। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक की मौत जीएमसीएच अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। तीनों मृतक पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के घुसपुरा गांव स्थित वार्ड संख्या 6 के रहने वाले थे। इनकी पहचान संजय चौधरी के बेटे आलोक राज, कन्हैया चौधरी के पुत्र रौशन कुमार और चन्द्रमा चौधरी के 20 वर्षीय बेटे विकास कुमार के रूप में हुई है।
इधर हादसे की सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतकों में आलोक पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था, जबकि विकास विदेश जाने वाला था और उसका पासपोर्ट भी बन गया था। वहीं रौशन अभी नौवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। फिलहाल गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को ठीक करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।