बेगूसराय : जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव में मंगलवार को अपराधियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। पुरानी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक युवक का अपहरण कर पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जब परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मृतक की पहचान किल्ली पहाड़पुर (वार्ड संख्या-6) निवासी 27 वर्षीय मोहम्मद वकील उर्फ मुखिया के रूप में हुई है, जो फल और मछली का कारोबार करता था।
जानकारी के मुताबिक, वकील मंगलवार को अपनी दुकान के लिए निकला था, तभी किल्ली-मोहनपुर के पास बदमाशों ने उसे दबोच लिया। अपराधी उसे घसीटते हुए एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसकी बर्बरता से पिटाई करने के बाद उसे गोली मार दी गई। घटना की सूचना मिलते ही जब परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उन पर भी हमला बोल, ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में नौशाद, मुर्तुजा, मनौव्वर, शाहनवाज और किस्मत अली समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।
सभी घायलों को तुरंत बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और डर का माहौल बना हुआ है। परिजनों का आरोप है कि इस हत्याकांड के पीछे डेढ़ महीने पहले एक निजी पोखर में मछली मारने को लेकर हुआ विवाद है। उस समय मुफस्सिल थाना के चौकीदार मोहम्मद जहांगीर ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया था। मृतक वकील, चौकीदार जहांगीर का साला बताया जा रहा है, जिससे खुन्नस खाए अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से इलाके में खौफ का माहौल क़याम है।