बिहार में हत्याओं का दौर थमता नजर नहीं आ रहा। आज सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने बेगूसराय में दिनदहाड़े एक टोल कर्मी की गोली मार कर हत्या कर दी जबकि दूसरे को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घटना लोहिया नगर थाना क्षेत्र में बाघा रेलवे गुमटी के समीप की है। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी और टोल कर्मी अमित कुमार के रूप में की गई है। जबकि अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती युवक नंदकिशोर सिन्हा का पुत्र प्रिंस बताया जाता है। जानकारी के अनुसार मृतक और जख्मी दोनों युवक रेलवे गुमटी के समीप छोटी वाहनों से नगर निगम के बैरियर पर टोल वसूलते हैं।
मिली जानकारी में बताया गया कि आज भी यह दोनों युवक नगर निगम के बैरियर पर टोल वसूली कर रहे थे। तभी दो बाइक पर सवार छह युवक मुंह ढंककर आए और ताबड़तोड़ गोलीबारी करनी शुरू कर दी। इस ताबड़तोड़ फायरिंग में दोनों युवक गोली लगने से वहीं जमीन पर गिर गए। बताया जाता है कि स्टैंड के विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना लोहियानगर थाना क्षेत्र के बाघा गुमटी के पास की है। सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों को उठाकर सदर अस्पताल लाया गया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने टोल कर्मी अमित को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे टोल कर्मी प्रिंस का इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के बाद घटना स्थल से लेकर अस्पताल तक हड़कंप मचा हुआ है। बेगूसराय के एसपी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे लोहिया नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा मंदिर के पास 2 युवकों को गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस की टीम वहां कार्रवाई कर रही है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का लग रहा है।