पटना/बाढ़ : अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) गरिमा लोहिया ने शनिवार को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्था देखकर वह नाराज हो गईं तथा संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम के अचानक निरीक्षण से अस्पताल कर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल के सभी वार्डों, महिला प्रसूति वार्ड, पैथोलॉजी, लैब, एक्स-रे, ईसीजी सहित विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई की बदतर स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। एसडीएम ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सफाई एजेंसी को शोकॉज (कारण बताओ) नोटिस जारी करने तथा आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा करने का निर्देश दिया। वहीं अस्पताल प्रबंधक की अनुपस्थिति पर भी उन्होंने कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही।
उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।
अस्पताल परिसर में फैली गंदगी को लेकर भी एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने आसपास के दवा दुकानदारों और आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अस्पताल परिसर की स्वच्छता बनाए रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है और इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक, प्रधान लिपिक (बड़ा बाबू) सहित कई अस्पतालकर्मी उपस्थित रहे।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट