पटना/मोकामा : मोकामा के जद(यू) विधायक अनंत कुमार सिंह द्वारा उनके पैतृक गांव नदावां में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती महादंगल में भारी भीड़ उमड़ी और भारत के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम रखा। कार्यक्रम की शुरुआत श्रीहनुमान जी की पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर विधायक अनंत कुमार सिंह, बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह, गायक गुंजन सिंह, सायन कुणाल सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। महादंगल में भारत, ईरान और जॉर्जिया के पहलवानों ने हिस्सा लिया। भारत और ईरान के बीच हुए मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, जिनमें भारतीय पहलवानों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
मुख्य मुकाबले में दिल्ली के मशहूर पहलवान जॉन्टी गुज्जर ने ईरान के पहलवान हलाल को कड़े मुकाबले में पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं महाराष्ट्र के शिवा पहलवान और ईरान के हामिद के बीच मुकाबला भी रोमांचक रहा। जॉर्जिया के टेडडो ने दिल्ली के रोहित को हराया, जबकि कलुआ पहलवान ने ईरान के हामिद को पटखनी दी। समापन समारोह में विधायक अनंत कुमार सिंह ने विजेता जॉन्टी गुज्जर को “विनर कप”, एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को पारंपरिक खेलों के प्रति प्रेरित करने का माध्यम बनते हैं।
महादंगल का आयोजन बिहार केसरी विवेका पहलवान की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया, जिसने आपसी सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी रामकृष्ण के नेतृत्व में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों की उपस्थिति रही। यह महादंगल न केवल खेल प्रतियोगिता रहा, बल्कि दुश्मनी से दोस्ती और सम्मान की मिसाल बनकर उभरा, जिसने समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट