बाढ़ (पटना) : पटना जिले के भदौर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक शराब माफिया की गिरफ्तारी के लिए की गई छापेमारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। आरोपी को पकड़ने की कोशिश में सहायक अवर निरीक्षक (ASI) संजय कुमार छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ASI संजय कुमार गुप्त सूचना के आधार पर देर रात दल-बल के साथ आरोपी के घर दबिश देने पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने मुख्य दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई हलचल न होने पर टीम ने ‘जुगाड़’ के जरिए छत पर चढ़कर तलाशी लेने का फैसला किया। इसी दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहा, लेकिन छत पर मौजूद ASI संजय कुमार का संतुलन बिगड़ गया। पैर फिसलने के कारण वह सीधे छज्जे से नीचे जा गिरे।
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने छापेमारी रोक दी और लहूलुहान हालत में ASI को बाढ़ अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके बाएं पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार और एक्स-रे के बाद, उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया जा रहा है। इस घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में सक्रिय है और फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ मामले की छानबीन में जुटी है।