पटना। पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केंद्र में 90वां महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने शिव ध्वज लहराकर विकारों से मुक्त जीवन जीने का संकल्प लिया।
मुख्य वक्ता राजयोगिनी बीके ज्योति दीदी ने महाशिवरात्रि की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आत्म जागृति और विकारों पर विजय का स्मृति दिवस है। उन्होंने बताया कि जब सृष्टि अज्ञानरूपी अंधकार तथा काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे पंचविकारों से प्रभावित हो जाती है, तब पतित-पावन परमपिता शिव अवतरित होकर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उनके दिव्य ज्ञान से तमोगुण का नाश और सतोगुण की स्थापना होती है। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष संजय कुमार उर्फ ‘गाय माता’ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने भी आध्यात्मिक मूल्यों को अपनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संदेश दिया। महोत्सव के उपरांत शिव संदेश यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर बीके खुशबू कुमारी, बीके लाडली, प्रशांत, अभिषेक प्रकाश, सुभाष, गौरी शंकर पंडित, अंकित आनंद सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण का संचार हुआ।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट