पटना। दीदारगंज–फतुहा–बख्तियारपुर–करजान स्टेट हाईवे संख्या–106 को फोर लेन में चौड़ीकरण एवं निर्माण को लेकर बख्तियारपुर अंचल कार्यालय के सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी दी।
ललित नारायण मिश्र आर्थिक विकास एवं सामाजिक परिवर्तन संस्थान, पटना के प्रतिनिधि सुधांशु शेखर तथा पथ निर्माण विभाग के अभियंता विकास कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रस्तावित फोर लेन सड़क की लंबाई लगभग 41 किलोमीटर होगी, जबकि इसकी चौड़ाई 80 से 90 फीट निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और विकास को गति देना है।
जनसुनवाई के दौरान बख्तियारपुर प्रखंड के विशाल कुमार ने प्रस्ताव रखा कि जिस तरह फतुहा में आयोजित जनसुनवाई में सर्वसम्मति से दीदारगंज से फतुहा होते हुए बख्तियारपुर तक मरीन ड्राइव निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया, उसी तर्ज पर दीदारगंज–फतुहा–बख्तियारपुर होते हुए ताजपुर रोड तक मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाए। वहीं, समाजसेवी सह पूर्व प्रधानाध्यापक कपिलदेव प्रसाद और अवधेश सिंह ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए स्टेट हाईवे 106 को फोर लेन बनाने पर आपत्ति जताई।
उन्होंने कहा कि महज एक किलोमीटर की दूरी पर पहले से ही फोर लेन सड़क उपलब्ध है, ऐसे में इस मार्ग को फोर लेन बनाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि चौड़ीकरण के लिए बड़ी मात्रा में भूमि अधिग्रहण करना पड़ेगा, जिससे सड़क किनारे बसे लोगों के मकान और दुकानें प्रभावित होंगी और आम नागरिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। जनसुनवाई में अंचल पदाधिकारी निरंजन सुमन, प्रखंड विकास पदाधिकारी उज्जवल कांत, श्याम बाबू प्रसाद, राणा परमात्मा सिंह, यतींद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। हालांकि, जनसुनवाई के उपरांत किसी अंतिम निष्कर्ष या निर्णय की आधिकारिक घोषणा नहीं की जा सकी।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट