बाढ़ (बेगूसराय) : भारतीय जनता पार्टी द्वारा बेगूसराय में आयोजित क्षेत्रीय बैठक में शामिल होने के लिए पटना से रवाना हुए राज्यसभा सांसद डॉ. राकेश सिन्हा और वरिष्ठ भाजपा नेता शंभू शरण पटेल का बाढ़ में भव्य स्वागत किया गया। संजय कुमार यादवेन्दू के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलों का गुच्छा और अंग वस्त्र भेंट कर दोनों नेताओं का सम्मान किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. राकेश सिन्हा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत” का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत का मान-सम्मान विश्व मंच पर काफी बढ़ा है और इसका श्रेय देश की जागरूक जनता को जाता है। भाजपा नेता शंभू शरण पटेल ने कहा कि संगठन की मजबूती में पार्टी कार्यकर्ताओं की सबसे अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और हम उनके योगदान को नमन करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा बाढ़ संगठन के अध्यक्ष शैलेंद्र प्रसाद, निवर्तमान जिलाध्यक्ष अरुण कुमार शाह, जिला पंचायती राज प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेश सिंह उर्फ ललन जी, विवेक कुमार शाह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण को देखकर दोनों वरिष्ठ नेताओं ने संगठन के भविष्य को उज्ज्वल बताया और सभी से एकजुट होकर आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट