पटना/भागलपुर/देवघर : देश के प्रमुख उद्योगपति एवं अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी ने अपने झारखंड–बिहार दौरे की शुरुआत झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर की। पूजा के उपरांत वे बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती प्रखंड पहुंचे, जहां उन्होंने अडानी समूह द्वारा निर्माणाधीन थर्मल पावर परियोजना का स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद वे झारखंड के गोड्डा स्थित संचालित पावर प्लांट का भी जायजा लेने पहुंचे।
पीरपैंती में 2400 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल परियोजना
अडानी समूह बिहार के पीरपैंती प्रखंड में लगभग 27 से 30 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2,400 मेगावाट क्षमता का अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट स्थापित कर रहा है। यह राज्य में अब तक का सबसे बड़ा निजी औद्योगिक निवेश माना जा रहा है। यह मेगा प्रोजेक्ट पीरपैंती प्रखंड के सिरमतपुर एवं आसपास की लगभग 479 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जा रहा है। परियोजना को पांच वर्षों में पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। वर्तमान में स्थल पर चहारदीवारी निर्माण एवं भूमि समतलीकरण का कार्य जारी है।
मजबूत लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी
परियोजना स्थल की विशेषता इसकी उत्कृष्ट लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी है। स्थल के उत्तर में गंगा नदी, दक्षिण में राष्ट्रीय राजमार्ग तथा निकट ही पीरपैंती रेलवे स्टेशन स्थित है, जिससे निर्माण एवं संचालन में सुगमता होगी।
औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दौरा
गौतम अडानी का यह दौरा बिहार एवं झारखंड में औद्योगिक विकास के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके आगमन को लेकर दोनों राज्यों के पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर झारखंड एवं बिहार के कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। यह परियोजना क्षेत्र में रोजगार सृजन, आधारभूत संरचना विकास और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट