पटना/बाढ़ : पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत बेलछी थाना क्षेत्र के बराह गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने मेडिकल दुकान सह क्लीनिक की आड़ में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तथाकथित चिकित्सक त्रिपुरारी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियारों का जखीरा और 1 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद किया है। मामले में बेलछी थाना अध्यक्ष नवीन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बराह गांव स्थित एक निजी क्लीनिक में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम भी मौके पर मिले हथियारों को देखकर हैरान रह गई। बरामद सामान में शामिल हैं। 01 देशी कट्टा, 01 देशी पिस्टल, 02 पिस्टल मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस (7.65 mm), 04 जिंदा कारतूस (8 mm), 01 एयर गन, 06 पिस्टल कवर और ₹1,25,000 नकद प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से अपने क्लीनिक की आड़ में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री कर रहा था। क्लीनिक को हथियारों की डिलीवरी का सुरक्षित ठिकाना बना रखा गया था, जिससे स्थानीय लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। पुलिस को आशंका है कि बरामद नकदी किसी बड़े हथियार सौदे से जुड़ी हो सकती है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है।
एसडीपीओ-02 आयुष श्रीवास्तव के अनुसार, आरोपी का नाम पहले नवादा जिले में एक अपहरण मामले में भी सामने आ चुका है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है। इस कार्रवाई के बाद टाल क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोग हैरान हैं कि एक चिकित्सक के रूप में काम करने वाला व्यक्ति इस तरह की आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो सकता है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं तथा पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट