बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन भाजपा, जनसुराज और तेजप्रताप की पार्टी जेजेडी की कैंडिडेट ने अपना—अपना पर्चा दाखिल कर दिया। लेकिन खबर है कि तेजप्रताप यादव के जनशक्ति जनता दल की उम्मीदवार वीणा मानवी जैसे ही नामांकन दाखिल कर समाहरणालय से बाहर निकलीं, पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद वीणा मानवी की गिरफ्तारी का उनके समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। पुलिस ने उन्हें समझाने-बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। इसके बाद समाहरणालय परिसर के बाहर जमकर हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सम्राट चौधरी सरकार ने साजिश के तहत वीणा मानवी को गिरफ्तार कराया है।
इधर गिरफ्तारी के बाद वीणा मानवी रोने लगीं। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि आखिर किस मामले में उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। उनका कहना है कि पटना पुलिस ने पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी थी। पुलिसकर्मियों ने केवल इतना कहा कि वे अदालत से वारंट लेकर उन्हें गिरफ्तार करने आए हैं।
इसबीच जनशक्ति जनता दल के प्रमुख तेजप्रताप यादव ने अपनी पार्टी की उम्मीदवार वीणा मानवी के खिलाफ जारी वारंट और गिरफ्तारी को सरकार की साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि वीणा मानवी को जानबूझकर फंसाया गया है। जबकि उनके खिलाफ ऐसा कोई मामला नहीं है। तेज प्रताप ने कहा कि वीणा मानवी जनता के बीच लोकप्रिय और सरल स्वभाव की उम्मीदवार हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह लंबे समय से सार्वजनिक रूप से सक्रिय थीं, तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। लेकिन नामांकन के दिन ही गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया।
इसे उन्होंने एक महिला के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि वह जल्द बिहार लौटेंगे और सरकार का घेराव करेंगे। साथ ही उन्होंने धार्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि जब किसी महिला के साथ अन्याय होता है, तब भगवान कृष्ण का सुदर्शन चक्र चलता है और बिहार पहुंचते-पहुंचते पूरा प्रदेश यह देखेगा। उधर आज सोमवार को नामांकन के अंतिम दिन जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर और भाजपा के नीरज सिन्हा ने भी अपना—अपना नामांकन किया। प्रशांत किशोर पहली बार खुद कोई चुनाव लड़ रहे हैं। आज उन्होंने पटना समाहरणालय में समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पर्चा भार और इसके बाद विक्ट्री साइन दिखाते हुए मीडिया के सामने बाहर आए। इसी तरह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी और एनडीए के अन्य नेताओं के साथ पहुंचकर भाजपा प्रत्याशी ने भी आज ही अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया।