बांका : बिहार के बांका जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। जिलेबिया थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार से लापता तीन वर्षीय मासूम बच्ची का शव बरामद हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल है।
परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर को बच्ची अपने घर के पास ही खेल रही थी, तभी वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई थी। शनिवार सुबह गांव के ही एक स्कूल के पास बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलेबिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर गांव के ही तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए हैं। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है, लेकिन दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और तीन संदिग्धों से पूछताछ जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और दुष्कर्म की पुष्टि हो सकेगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।