बांका : CSP संचालक से लूट की एक कथित घटना में पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के बाद महज 24 घंटे में असलियत उजागर हुए हैं। इसे एक पूर्व नियोजित साजिश करार करते हुए पुलिस ने CSP संचालक सुनील कुमार चौधरी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल के पास की CCTV फुटेज खंगालने के बाद सच्चाई सामने आई है। CSP संचालक ने अपने भतीजे आशुतोष आनंद और भगिना कृष्ण कुमार मंडल के साथ मिलकर यह नाटक रचा था।
जानकारी के अनुसार, बीते 2 मई 2025 की शाम मणियां निवासी CSP संचालक सुनील कुमार ने बांका थाना को सूचना देकर बताया था कि जब वह बैंक से ₹4.66 लाख लेकर लौट रहे थे, तभी घुटिया मोड़ के पास चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर मारपीट कर रकम और मोबाइल लूट लिया। इनको लेकर थाने में मामला भी दर्ज कराया गया। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाँच शुरू कर दी। इसी दौरान पास लगे CCTV को भी खंगाला जाने लगा। तब जाकर खुलासा हुआ।
घटना के संबंध में एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा के बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद गठित विशेष टीम ने जब SBI ADB शाखा और घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाले, तो सच्चाई सामने आ गई। CSP संचालक सुनील कुमार अपने भतीजे आशुतोष आनंद और भगिना कृष्ण कुमार मंडल के साथ पहले से योजना बनाकर यह नाटक रचा था। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।