बांका : गुप्त सूचना के आधार पर अवैध बालू खनन और तस्करी रोकने गई पुलिस की गश्ती जीप पलट गई है। हादसे में पीटीसी अवधेश कुमार, अशोक कुमार, संजय कुमार और थाना मैनेजर समेत करीब छह पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए बांका रेफर किया गया है। घटना बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के तिहार गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर अवैध बालू से लदे ट्रैक्टरों को पकड़ने पहुंची गश्ती दल की पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक तेज रफ्तार में भागने लगें। इसी दौरान पुलिस ने जीप से पीछा कर ओवरटेक करने की कोशिश की। लेकिन, अचानक मोड़ पर गश्ती जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। और छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के सम्बन्ध में बारहाट थानाध्यक्ष दीपक पासवान ने बताया कि अवैध बालू लदे ट्रैक्टर की सूचना मिली थी। जिसके बाद सिपाही अरुण कुमार गश्ती दल के साथ वाहन लेकर निकल गए। और जब वो लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो कार्रवाई के दौरान हादसा हुआ है, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। घटना में घायल सभी पुलिसकर्मियों का इलाज कराया जा रहा है। अवैध कारोबारियों की पहचान कर के कड़ी कार्रवाई की जायेगी।