पटना/बख्तियारपुर : बख्तियारपुर नगर परिषद के सभापति पवन कुमार ने बख्तियारपुर जंक्शन का नाम बदलकर “मगध द्वार जंक्शन” किए जाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
सभापति पवन कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि विदेशी आक्रांता बख्तियार खिलजी के नाम पर स्टेशन का नाम रखा जाना ऐतिहासिक दृष्टि से उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद की बैठक में प्रस्ताव पारित कर इस संबंध में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, रेल मंत्रालय तथा बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को अनुरोध भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि बख्तियारपुर केवल एक रेलवे जंक्शन नहीं, बल्कि मगध क्षेत्र का प्रमुख प्रवेश द्वार है। यहां से नालंदा, राजगीर, गया, पावापुरी, सिलाव और झारखंड सहित कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए आवागमन होता है। साथ ही बख्तियारपुर-ताजपुर पुल निर्माण के बाद उत्तर बिहार से इसका संपर्क और मजबूत होगा।
सभापति ने दावा किया कि पटना ग्रामीण समेत कई जिलों के लोग भी स्टेशन का नाम “मगध द्वार जंक्शन” किए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और राज्य सरकार जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेंगी। इधर, इस मांग को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हो गई हैं और कई लोगों ने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री तथा रेल मंत्री से भी नाम परिवर्तन की दिशा में पहल करने की अपेक्षा जताई है।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट