पटना/धनबाद : विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल द्वारा झारखंड के धनबाद स्थित सिनीडीह सरस्वती विद्या मंदिर में 7 दिवसीय शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र साहू, प्रांत मंत्री मिथलेश्वर जी, बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो तथा धनबाद महानगर अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. वीरेंद्र साहू ने कहा कि इस सात दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में युवाओं को शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान चुनौतियों के बीच युवाओं को अपने पौरुष, साधना और आत्मबल को जागृत कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की आवश्यकता है। साथ ही हिंदू समाज में जागरूकता, सक्रियता और समरसता के भाव को मजबूत करने का कार्य भी ऐसे प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से किया जाता है।
उन्होंने बताया कि बजरंग दल लगातार इस प्रकार की गतिविधियों का संचालन करता रहा है और देशभर में सैकड़ों प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से लाखों युवाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री चित्तरंजन जी, प्रांत गो-रक्षा प्रमुख कमलेश जी, प्रांत विद्यार्थी प्रमुख अमर जी, प्रांत बलोपासना प्रमुख रवि वर्मा एवं जिला मंत्री रणजीत जी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस शौर्य प्रशिक्षण वर्ग में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में युवा बजरंगी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रशिक्षण प्राप्त किया।
सत्यनारायण चतुर्वेदी की रिपोर्ट