बगहा : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में मानव और वन्यजीवों के बीच संघर्ष की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला VTR के हाथीमल खांता जंगल क्षेत्र का है, जहाँ एक बाघ ने 65 वर्षीय वृद्ध पर अचानक हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। घायल वृद्ध का इलाज जारी है, जहाँ उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित वृद्ध जंगल के समीप किसी कार्य से गए हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। बाघ के पंजों और दांतों से वृद्ध के हाथ और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए। चीख-पुकार और शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण और वनकर्मी तुरंत मौके की ओर दौड़े।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद बाघ को जंगल की ओर खदेड़ा गया और घायल वृद्ध को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अत्यधिक खून बहने और शरीर पर गहरे जख्म होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस खौफनाक घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से रिहायशी इलाकों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है। वहीं, हाल के दिनों में VTR क्षेत्र में बाघों की बढ़ती चहल-पहल को देखते हुए वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल के आसपास अकेले जाने से बचें और पूरी सतर्कता बरतें।