केंद्र की मोदी सरकार ने GST रिफॉर्म में बीड़ी पर टैक्स घटा दिया है। इसको लेकर केरल कांग्रेस ने सरकार का विरोध करते—करते एक ऐसा ट्वीट कर दिया जिस पर बवाल मच गया। ट्वीट में केंद्र की मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस की तरफ से बीड़ी और बिहार की तुलना की गई है। इस पर बिहार के जदयू और भाजपा नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी। जहां जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने अपने एक पोस्ट में इसे कांग्रेस की एक शर्मनाक हरकत करार दिया। उन्होंने लिखा कि से सिर्फ बीड़ी ही नहीं होती, बुद्धि भी होती है। यह कांग्रेस द्वारा बिहार और यहां की जनता का अपमान है। वहीं भाजपा की तरफ से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने इसे बिहार और बिहारियों का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बिहार और यहां की जनता के लिए सदियों से यही सोच और मानसिकता रही हे। जनता कांग्रेस से इस अपमान का बदला लेगी।
दरअसल, केरल कांग्रेस की तरफ से एक्स पर किये गए ट्वीट में एक चार्ट दिखाया गया है। इसमें सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पादों और बीड़ी पर जीएसटी की तुलना की गई है। बताया गया है कि तंबाकू पर जीएसटी मौजूदा 28 पर्सेंट से बढ़ाकर 40 पर्सेंट कर दिया गया है। सिगरेट और सिगार पर भी इसी तरह टैक्स बढ़ाया गया है। लेकिन बीड़ी पर जीएसटी कम कर दिया गया है। बीड़ी पर पहले 28 पर्सेंट जीएसटी था, जिसे घटाकर 18 पर्सेंट कर दिया गया है। केरल कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से किए गए इस ट्वीट में आगे लिखा गया, “बीड़ी और बिहार दोनों ‘B’ से शुरू होते हैं। अब इन्हें पाप नहीं माना जा सकता।” कांग्रेस पार्टी की तरफ से ये ट्वीट आते ही इसे बिहार और बिहारी लोगों का अपमान बताते हुए जदयू और भाजपा गरम हो गई।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस के इस सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, ‘पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूजनीया माता जी का अपमान, और अब पूरे बिहार का अपमान। यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है’। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी कांग्रेस की इस हरकत को शर्मनाक बताते हुए X पर लिखा कि ‘B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है’। संजय झा ने आगे कहा कि बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान किया, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक बनाया।