बिहार हर मायने में अलग है। क्राइम की बात करें तो अभी तक आपने सास पर बहू की हत्या का आरोप, दामाद पर सास की हत्या के आरोप के बारे में सुना होगा। लेकिन अब बिहार में एक ऐसा कांड सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। इस ताजा कांड में एक समधी ने अपनी समधन को ही पटक—पटक कर मौत के घाट उतार दिया। मामला औरंगाबाद के उपहारा थाना क्षेत्र के खैरा गांव का है जहां अंतरजातीय विवाह से उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव में लड़की के पिता ने लड़के की मां को पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने फौरन विशेष जांच दल SIT बना कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि मृतक महिला शांति देवी के बेटे राजेश कुमार ने सोनम कुमारी नामक लड़की से अंतरजातीय विवाह किया था। इसी विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सोनम कुमारी के पिता मिथलेश पासवान और मृतक शांति देवी के बीच इसी विवाद के चलते भयानक मारपीट हुई जिस दौरान शांति देवी की मौत हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के पिता मिथलेश पासवान इस रिश्ते से बेहद नाराज थे।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है। साथ ही, फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस अधीक्षक ने दाउदनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार ऋषिराज के नेतृत्व में तत्काल एक SIT का गठन किया है। SIT को इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।