औरंगाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जिसमें एक चाचा ने अपने ही सगे 3 भतीजे-भतीजियों को काट डाला है। चाचा घर का दरवाजा खोलने में हुई देरी से काफी गुस्से में था, जिसके बाद उसने दरवाजा खुलते ही बच्चों पर कटर से हमला कर दिया और तीनों को कटर से काटकर मौत के घाट उतार दिया। चाचा ने इस दौरान क्रूरता की हद पार करते हुए हत्या के समय फुल साउंड में गाना बजा दिया ताकी बच्चों की चीखें उसमें दब जाएं। इसके बाद वह सभी बच्चों को वह एक-एक कर काटता गया। चाचा के गुस्से की वजह सिर्फ इतनी सी थी कि बच्चों ने दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी कर दी थी। इस वजह से चाचा इतना ज्यादा भड़क गया कि बच्चों को इसकी कीमत जान देकर चुकानी पड़ी। मृतक बच्चों का पिता गुड्डू ट्रेन पैंट्री कार में खाना बनाने का काम करता है। बच्चों के शव एक कमरे में ही एक साथ ही पड़े थे।
चाचा ने तीन बच्चों को कटर से काट दिया
हैरानी की बात यह है कि वारदात के बाद सनकी चाचा ने खुद भी गला काटकर सुसाइड की कोशिश की। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर किया गया है। घटना औरंगाबाद जिलांतर्गत दाउदनगर अनुमंडल के हसपुरा थाना क्षेत्र की है। मृतक बच्चों की पहचान गुड्डू पाल के 10 साल के बेटे अनीश कुमार, 7 साल के आयुष कुमार और 5 साल की अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल सनकी चाचा की हालत काफी गंभीर बताई जाती है। मिली जानकारी के अनुसार इस विभत्स घटना के समय बच्चों की मां रामनवमी की पूजा करने मंदिर गई थी। जब वह पूजा कर लौटी तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज दी गई लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद वहां जुटे लोगों ने रोशनदान से झांका तो अंदर लाशें पड़ी थीं और चारों ओर खून बिखरा हुआ था। इसके बाद वहां कोहराम मच गया।
सनकी चाचा की हालत गंभीर, पटना रेफर
ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना की मुख्य वजह महज दरवाजा खोलने में देरी तो नहीं हो सकती। मामला जरूर कुछ और है। आरोपी चाचा अमंत पाल ने इतनी बड़ी घटना को क्यों अंजाम दिया, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ सकी है। मौके पर पुलिस जांच के लिए पहुंची हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सच सामने आ जायेगा। बताया जा रहा है कि आरोपी की अभी शादी नहीं हुई है। बताया जाता है कि आरोपी चाचा आज शुक्रवार की सुबह घर से बाइक पर सवार होकर कहीं निकला था। जब वह घर वापस पहुंचा तो दरवाजा खटखटाया। उसकी भाभी रामनवमी पूजा करने गई थी। बच्चों द्वारा दरवाजा खोलने में देरी हो गई और जैसे ही दरवाजा खुलने पर वह घर में घुसा, उसने फुल साउंड में स्पीकर बजाकर कटर मशीन से तीनों बच्चों का गला बारी-बारी से रेत दिया। इसके बाद उसने खुद का भी गला काट लिया।