अरवल – युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वाधान में मेरा युवा भारत , अरवल जिला युवा अधिकारी हिमांशु कुमार के नेतृत्व में मगध सम्राट युवा क्लब बस्ती बिगहा द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर निबंध प्रतियोगिता, शपथ एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। करपी प्रखंड स्वयंसेवक सूरज कुमार द्वारा वृक्षारोपण के तत्पश्चात युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया एवं सपथ दिलाया गया। साथ ही अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए लोगों से अपील किया गया। सूरज ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित विकास के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर युवाओं को पर्यावरण के महत्व तथा प्रकृति के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण केवल हमारे जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा और समृद्धि का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वन कटाई तथा प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है। ऐसी परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया तथा युवाओं से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। साथ ही जल संरक्षण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं ने पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि यदि हम आज पर्यावरण संरक्षण के प्रति गंभीर नहीं हुए तो आने वाले समय में इसके दुष्परिणाम और अधिक गंभीर हो सकते हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल आदतों को अपनाएं, अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं तथा प्रकृति के संरक्षण में अपना योगदान दें।
“प्लास्टिक प्रदूषण समाप्त करना है” यह पहल आज के सबसे महत्वपूर्ण पर्यावरणीय मुद्दों में से एक यानी प्लास्टिक प्रदूषण से निपटने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालती है और देश भर में युवाओं के नेतृत्व वाली सामुदायिक कार्रवाई को प्रेरित करने का प्रयास करती है ताकि एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके और टिकाऊ, पर्यावरण-अनुकूल प्रथाओं को बढ़ावा दिया जा सके। इस कार्यक्रम में चंदन क्लासेज के डायरेक्टर चंदन कुमार ने कहा कि वृक्षारोपण एक बड़े पैमाने पर व्यावसायिक खेती का कार्य है जहां अक्सर निर्यात के लिए फसल उगाई जाती है एवं मानसून भी सही रहता है। निबंध प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अंजली कुमारी, द्वितीय स्थान सौरभ कुमार एवं तृतीय स्थान अंकिता कुमारी ने परचम लहराया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट