अरवल – प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण (PMAY-G) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 26-27 में पूर्ण किए गए 2 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश, पूर्ण आवासों के लाभुकों के बीच आवास की चाबी का वितरण, नए चयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान करने तथा बिहार राज्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य के आवंटन के अवसर पर मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव टेलीकास्ट समाहरणालय सभा कक्ष, अरवल में किया गया।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की उपस्थिति में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत जिले में पूर्ण किए गए आवासों के लाभुकों को आवास की चाबी प्रदान की गई। साथ ही नए चयनित लाभुकों के बीच योजना की स्वीकृति से संबंधित 35 पत्र, गृह प्रवेश 46 एवं शुभकामना संदेश 36 लाभुकों को उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर लाभुकों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखने को मिली।
वर्षों से पक्के एवं सुरक्षित आवास का सपना संजोए परिवारों के लिए यह अवसर अत्यंत महत्वपूर्ण एवं खुशी का रहा। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति, पूर्ण किए गए आवासों, लाभुकों को गृह प्रवेश एवं आवास की चाबी उपलब्ध कराने तथा नए लाभुकों को योजना से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। साथ ही बिहार राज्य के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण हेतु निर्धारित लक्ष्य के आवंटन से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।
जिला पदाधिकारी ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत पात्र लाभुकों को सरकार की योजना का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए। स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा लाभुकों को योजना की प्रत्येक किश्त समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से गरीब एवं वचित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा लाभुकों को योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी भी दी गई तथा उन्हें आवास निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया गया। लाभुकों को यह भी बताया गया कि योजना का लाभनिर्धारित पात्रता एवं सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रदान किया जाता है।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के सफल क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को निरंतर अनुश्रवण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जिले के पात्र परिवारों को शीघ्रता से पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके और ‘हर जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक आवास के लक्ष्य को साकार किया जा सके। इस कार्यक्रम में 20 सूत्री उपाध्यक्ष, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीए, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी के साथ जिला स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी एव विभिन्न पंचायतों के लाभुकगण उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट