अरवल कुर्था – प्राथमिक कृषि सहयोग साख समिति (पैक्स) चुनाव को लेकर कुर्था प्रखंड क्षेत्र की बारा एवं सचई पंचायत में गुरुवार को नामांकन के दूसरे दिन भी प्रखंड मुख्यालय में गहमागहमी बनी रही। नामांकन को लेकर सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय परिसर में प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों की भीड़ जुटने लगी। इस दौरान समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी करते नजर आए। जानकारी के अनुसार बारा पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए गुड़िया देवी, सुशील शर्मा, अर्चना कुमारी एवं सुबोध कुमार समेत कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया।
वहीं सदस्य पद के लिए कुल 26 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं सचई पंचायत में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए शिवमोहन सिंह, कृष्णकांत कृष्णन, सूरज कुमार एवं अमरकांत रॉबिनशन समेत कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। जबकि सदस्य पद के लिए कुल 23 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया को लेकर प्रखंड मुख्यालय में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी एवं कर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहे।
नामांकन काउंटर पर प्रत्याशियों के दस्तावेजों की जांच करने के बाद ही नामांकन पत्र स्वीकार किया गया। पैक्स चुनाव को लेकर दोनों पंचायतों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नामांकन के बाद प्रत्याशी अब मतदाताओं से संपर्क साधने और अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में जुट गए हैं। इससे गांवों में चुनावी सरगर्मी और बढ़ गई है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट