अरवल- जिले के प्रथम राजकीय डिग्री महाविद्यालय का हुआ शुभारंभ, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नया अध्याय प्रारंभ नामांकित छात्र-छात्राओं को स्टडी किट प्रदान कर बढ़ाया गया उत्साह। मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में अरवल जिले के प्रथम राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सोनभद्र बंसी सूर्यपुर (मगध विश्वविद्यालय, बोधगया की अंगीभूत इकाई) का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर ने अरवल जिले के उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक नए युग का सूत्रपात किया है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा महाविद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं को स्टडी किट प्रदान की गई। स्टडी किट प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा उनके शैक्षणिक सफर की बेहतर शुरुआत सुनिश्चित करना है। उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि अरवल जिले में प्रथम राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना जिले के युवाओं के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। अब विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होने से शिक्षा का दायरा बढ़ेगा, उच्च नामांकन को प्रोत्साहन मिलेगा तथा जिले के समग्र शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। आयोजित उद्घाटन समारोह में जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, ओएसडी ऋषिकेश तिवारी, बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय में नामांकित छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सभी ने राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल का स्वागत करते हुए इसे जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सोनभद्र बंसी सूर्यपुर के संचालन से अरवल जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी तथा रोजगारोन्मुखी अवसरों की दिशा में नई संभावनाएँ प्राप्त होंगी। यह महाविद्यालय जिले के शैक्षणिक विकास का एक सशक्त केंद्र बनकर उभरेगा तथा विकसित बिहार-समृद्ध बिहार के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट