अरवल – मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा 15 जुलाई को राज्य के 211 डिग्री महाविद्यालय-विहीन प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में पठन-पाठन के शुभारंभ को लेकर आयोजित कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सोनभद्र बंशी सूर्यपुर का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई, भवन की समुचित व्यवस्था, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति, शौचालयों की स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था, मंच निर्माण, ध्वनि विस्तारक प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, आगंतुकों के आवागमन, परिसर की साज-सज्जा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी एजेंसियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियाँ निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएँ, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की यह पहल ग्रामीण एवं प्रखंड स्तर के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। प्रत्येक प्रखंड में डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं, को स्नातक शिक्षा के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय एवं आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। साथ ही सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा 15 जुलाई 2026 को राज्य के 211 डिग्री महाविद्यालय-विहीन प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में एक साथ पठन-पाठन का शुभारंभ किया जा रहा है। यह पहल प्रदेश में उच्च शिक्षा के विस्तार, शैक्षणिक अवसरों की समान उपलब्धता तथा युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार , वरीय उप समाहर्ता सह ओएसडी ऋषिकेश तिवारी संबंधित विभागों के पदाधिकारी, महाविद्यालय प्रशासन एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
भईया जी की रिपोर्ट