अरवल –कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह जिला नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम माला कुमारी के मार्गदर्शन में जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय एवं वन स्टॉप सेंटर के कर्मियों द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, फखरपुर, अरवल में बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से किशोरियों के लिए सखी वार्ता कार्यक्रम के माध्यम से करियर मार्गदर्शन एवं महिला सशक्तिकरण विषयक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओ को कैरियर, उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता, महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, मानव तस्करी तथा सरकार द्वारा संचालित महिला एवं बालिका कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर के केंद्र प्रशासक शिम्पू कुमारी, मनोसामाजिक परामर्शी प्रिया कुमारी एवं जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वूमेन कार्यालय के वितीय साक्षरता विशेषज्ञ कविता सिंह ने छात्राओं को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान किशोरियों के बीच प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया साथ हीं सभी प्रतिभागियों के बीच बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ लोगोयुक्त टीशर्ट व टोपी का वितरण किया गया।
इस संबंध में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के लिए बालिकाओं के विचार जानना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। बालिकाएं ही देश का भविष्य है। शिक्षा और जागरूकता से ही हम सशक्त समाज का निर्माण कर सकते हैं। इस तरह के आयोजन आगे भी जारी रहेंगे। बालिकाएं शिक्षित, सुरक्षित और विकसित समाज एवं समृद्ध राष्ट्र की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। जिला प्रशासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, और समान अवसर उपलब्ध हों, ताकि वह अपने सपनों को साकार कर विकास में अग्रणी भूमिका निभा सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट