अरवल – पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार 28 जून, (रविवार) को अरवल जिला अंतर्गत सभी ग्राम पंचायतों में “पंचायत विकास दिवस” का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री, पंचायती राज विभाग सह प्रभारी मंत्री, अरवल दीपक प्रकाश ने अरवल प्रखंड अंतर्गत अमरा पंचायत में आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया तथा उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया।
अपने संबोधन में मंत्री ने पंचायतों को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताते हुए जनभागीदारी, महिला सशक्तिकरण तथा स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से पंचायतों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, बीस सूत्री उपाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी एंव सदस्य सतेन्द्र रंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिले के सभी पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों में ग्राम सभा के सदस्यों, पंचायत प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाएँ, महिला समूहों तथा आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पंचायत विकास दिवस का उद्देश्य ग्राम पंचायतों में जनभागीदारी को बढ़ावा देना, स्थानीय विकास योजनाओं पर चर्चा करना तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सामूहिक प्रयास सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायतों की वर्तमान योजनाओं, आगामी विकास कार्यों, प्राप्त राशि, व्यय एवं अवशेष राशि की जानकारी साझा की गई।
साथ ही स्थानीयकृत सतत विकास के नौ लक्ष्यों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा पंचायत स्तर पर इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सुझाव प्राप्त किए गए। इस माह पंचायत विकास दिवस का विषय “महिला हितैषी ग्राम पंचायत” निर्धारित होने के कारण कार्यक्रम में महिलाओं की विशेष एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए तथा महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुरक्षा एवं आर्थिक स्वावलंबन से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट पंचायतों द्वारा किए गए विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने ध्यानपूर्वक सुना। जिला प्रशासन, अरवल ने पंचायत विकास दिवस के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पंचायतों के सशक्तिकरण एवं समावेशी विकास के लिए सभी से निरंतर सहयोग की अपेक्षा की है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट