अरवल -राष्ट्रीय अर्हता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) (अधि-स्नातक)-2026 के स्वच्छ, निष्पक्ष, कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया है। प्रवेश परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को अपराहन दो बजे से 05 बजे तक एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अपराह्न 02 बजे से 06 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन तथा परीक्षा की निगरानी हेतु दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त सभी स्टैटिक दण्डाधिकारियों जोनल दण्डाधिकारियों, उड़नदस्ता दण्डाधिकारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा-सह-ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के समय सघन जांच एवं फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा बिना वैध फोटो पहचान पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाए।
साथ ही परीक्षा अवधि के दौरान केन्द्रों पर सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। परीक्षा के दौरान वीक्षकों की प्रतिनियुक्ति निर्धारित मानकों के अनुरूप की जाएगी तथा परीक्षा कक्षों का आवंटन रैंडम प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा। परीक्षा कार्य में संलग्न सभी कर्मियों के लिए सत्यापित फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति के परीक्षा केन्द्र परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के निर्देशानुसार बिहार राज्य हेतु नोडल पदाधिकारी एवं सिटी कोऑर्डिनेटर की नियुक्ति की गई है। निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी प्रातः 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन, अरवल सभी अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों से अपील करता है कि वे परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित परीक्षा संचालन में सहयोग प्रदान करें। अभ्यर्थियों का प्रवेश निर्धारित समयावधि में ही कराया जाएगा तथा परीक्षा प्रारंभ होने के उपरांत किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अपने साथ प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र अवश्य रखें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जिला प्रशासन ने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान सतर्कता, पारदर्शिता एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए गए हैं तथा कदाचार रोकने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है। मौके पर अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट