अरवल – सदर प्रखंड के ग्राम पंचायत भदासी में भाकपा माले जिला कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता जिला सचिव जितेंद्र यादव ने की। बैठक में केंद्रीय कमेटी के सर्कुलर पर गहन चर्चा की गई। पूर्व विधायक कॉ. महानंद सिंह ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, लोकतांत्रिक अधिकारों पर लगातार हमले और फासीवादी नीतियों के खिलाफ जनसंघर्ष को तेज़ करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और जनविरोधी नीतियों को लागू कर रही है, जिसके खिलाफ व्यापक जनआंदोलन खड़ा करना जरूरी है।उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक हालात में जनता के बीच गहरी पैठ बनाकर ही संघर्ष को मजबूत किया जा सकता है, इसलिए गांव-गांव संगठन विस्तार और जनसंगठनों को सक्रिय करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जन संगठनों के सदस्यता अभियान को तेज़ करने का निर्णय लिया गया, ताकि मजदूरों, किसानों, छात्रों और युवाओं की आवाज़ को संगठित कर मजबूती से उठाया जा सके। बैठक में आगामी 28 जुलाई को क्रांतिकारी नेता चारु मजुमदार के शहादत दिवस को व्यापक स्तर पर मनाने का फैसला लिया गया। इस अवसर पर जनसभाएं, जुलूस और जनसंपर्क अभियान चलाकर उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जनता के हक और अधिकार की लड़ाई को और तेज़ किया जाएगा तथा हर स्तर पर संघर्ष को धार दी जाएगी। बैठक में अरवल प्रखंड सचिव महेंद्र प्रसाद, कलेर प्रखंड सचिव उमेश पासवान, करपी प्रखंड सचिव मिथलेश कुमार यादव, वंशी प्रखंड सचिव राजेश्वरी यादव,नगर सचिव नंदकिशोर कुमार, जिला कमेटी सदस्य त्रिभुवन शर्मा, डॉ जगदीश यादव,शाह साद, जमीला खातून, लीला वर्मा,उपेंद्र पासवान , नीतीश कुमार,सुयेब आलम सहित सभी जिला कमेटी सदस्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट