अरवल -विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक जिला पदाधिकारी अरवल, अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में किया गया। विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की प्रगति की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में जिले में चल रहे सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में और अधिक तेजी लाने का निर्देश दिया गया। बैठक में बताया गया कि जिले के कुल 312 राजस्व ग्रामों में ग्राम सीमा सत्यापन एवं किस्तवार कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
इनमें से 303 राजस्व ग्रामों में खानापुरी कार्य पूर्ण हो चुका है। शिविरों के माध्यम से 253 राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-06 लॉक किया गया है तथा 248 राजस्व ग्रामों में एलपीएम (LPM) वितरित किया जा चुका है। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 205 राजस्व ग्रामों का प्रारूप प्रकाशन (प्रपत्र-12) किया गया है। वहीं 124 राजस्व ग्रामों में प्रपत्र-18 (क) के तहत लगान निर्धारण की प्रक्रिया पूर्ण की जा चुकी है तथा 97 राजस्व ग्रामों का अंतिम प्रकाशन संपन्न हो चुका है। अंचलवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया।
बैठक में सर्वेक्षण कार्यों की गुणवत्ता, अभिलेखों के संवारण एवं आमजन से प्राप्त आपत्तियों के निष्पादन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्य राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं में शामिल है तथा भूमि अभिलेखों को अद्यतन एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। बैठक में अपर समाहर्ता, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी के साथ अमीन एवं अन्य उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट