अरवल -जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति योजना अंतर्गत संचालित “शक्ति सदन” ने एक सराहनीय एवं मानवीय कार्य करते हुए विगत कई महीनों से आश्रय प्राप्त एक मूक-बधिर महिला को उनके परिजनों से मिलाने में सफलता प्राप्त की है। मालूम हो कि शक्ति सदन में आवासित उक्त महिला बोलने एवं सुनने में असमर्थ थीं, जिसके कारण उनकी पहचान एवं स्थायी पता का पता लगाना अत्यंत चुनौतीपूर्ण था।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम, अरवल माला कुमारी के निर्देश पर शक्ति सदन की अधीक्षिका एवं पूरी टीम द्वारा महिला के हाव-भाव, संकेतों तथा उपलब्ध सीमित जानकारियों के आधार पर लगातार खोजबीन की गई।इस दौरान टीम ने विभिन्न गांवों, पंचायतों एवं संबंधित थानों से संपर्क स्थापित कर महिला की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
लगातार प्रयासों के बावजूद प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी, किंतु टीम ने हार नहीं मानी और निरंतर प्रयास जारी रखा। इसी क्रम में 01 जून 2026 को महिला को वन स्टॉप सेंटर के वाहन से किंजर ले जाया गया, जहां महिला द्वारा दिए गए संकेतों के आधार पर पटना जिला अंतर्गत सिगोड़ी थाना क्षेत्र के चिकसी गांव तक पहुंचा गया। वहां स्थानीय स्तर पर पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण की गई, जिसके उपरांत महिला को उनके परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। कई महीनों बाद अपनी खोई हुई बहू को पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं।
उन्होंने जिला प्रशासन, अरवल, समाज कल्याण विभाग तथा मिशन शक्ति की पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी ने कहा कि, “मिशन शक्ति केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि संकटग्रस्त एवं जरूरतमंद महिलाओं के लिए आशा और सुरक्षा का मजबूत माध्यम है। हमारी प्राथमिकता प्रत्येक महिला को सम्मान, सुरक्षा एवं संरक्षण प्रदान करना है। इस सफलता के लिए शक्ति सदन की पूरी टीम बधाई की पात्र है।” जिला प्रशासन, अरवल महिलाओं की सुरक्षा, संरक्षण एवं पुनर्वास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सुदृढ़ करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक संवेदनशील सेवाएं पहुंचाने हेतु संकल्पित है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट