अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार जिला प्रोग्राम पदाधिकारी माला कुमारी के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण कार्यालय, अरवल द्वारा शनिवार को प्लस टू उच्च विद्यालय, वलिदाद (कलेर) में “लैंगिक संवेदीकरण” विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को लैंगिक समानता, आत्म-सुरक्षा, महिला अधिकारों तथा सामाजिक जागरूकता के विभिन्न आयामों के प्रति संवेदनशील एवं जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम कार्यालय एवं महिला सशक्तिकरण कार्यालय के प्रतिनिधियों द्वारा छात्राओं को लैंगिक समानता, भेदभाव उन्मूलन, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, मासिक धर्म स्वच्छता तथा करियर निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के कल्याण हेतु केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
सत्र के दौरान छात्राओं को शिक्षा के महत्व, आत्मविश्वास, आत्मरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के प्रति प्रेरित किया गया। छात्राओं ने प्रश्नोत्तर सत्र में सक्रिय भागीदारी करते हुए विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएँ व्यक्त कीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के दौरान लैंगिक संवेदीकरण विषय पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली कक्षा नवम की छात्रा खुशी कुमारी को प्रथम, निभा कुमारी को द्वितीय तथा मुस्कान कुमारी को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान के तहत उपस्थित सभी छात्राओं के बीच टी-शर्ट एवं टोपी का वितरण किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को समाज में समान अवसर, सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उनके सर्वांगीण विकास हेतु प्रेरित किया गया। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक बालिका अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ समाज में अपनी पहचान स्थापित कर सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, जिला महिला सशक्तिकरण कार्यालय की वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ कविता सिंह, वन स्टॉप सेंटर की मनोसामाजिक परामर्शी प्रिया कुमारी सहित अन्य कर्मी एवं बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित थीं।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट