अरवल – सदर अस्पताल, अरवल के वाह्य रोगी विभाग स्थित नवनिर्मित दवा वितरण कक्ष-सह-प्रतिक्षालय का विधिवत उद्घाटन मंत्री पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार, पटना -सह- प्रभारी मंत्री, अरवल दीपक प्रकाश के कर-कमलों द्वारा सम्पन्न किया गया। कार्यक्रम में विधायक, अरवल मनोज कुमार , विधायक, कुर्था पप्पू कुमार वर्मा, जिला पदाधिकारी अमृषा बैंस, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, अरवल एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्यगण की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
दवा वितरण कक्ष-सह-प्रतिक्षालय का निर्माण रोगी कल्याण समिति, सदर अस्पताल, अरवल की प्राकलित राशि 14.40 लाख रुपये की लागत से कराया गया है। इस आधुनिक व्यवस्था में टोकन डिस्प्ले सिस्टम एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम (माइक सिस्टम) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे मरीजों एवं उनके परिजनों को कतार में लंबे समय तक खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। अब मरीज अपनी बारी का इंतजार प्रतीक्षालय में बैठकर सहज रूप से कर सकेंगे तथा टोकन नंबर प्रदर्शित एवं उद्घोषित होने पर दवा प्राप्त कर सकेंगे।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने हेतु निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस नई व्यवस्था से सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी तथा अस्पताल परिसर में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि दवा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता एवं सुगमता आने से आमजनों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। सिविल सर्जन, अरवल ने बताया कि दवा वितरण कक्ष में आधुनिक टोकन प्रणाली लागू होने से वाह्य रोगी विभाग में अनावश्यक भीड़ कम होगी तथा आमजन को आवागमन एवं उपचार संबंधी सेवाओं में अधिक सुविधा प्राप्त होगी। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ सम्पन्न हुआ।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट