अरवल – नीलाम पत्रवाद मामलों के त्वरित निष्पादन एवं राजस्व वसूली को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान की अध्यक्षता में नीलाम पत्रवाद से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी नीलाम पत्र पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं जिले के सभी थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नीलाम पत्रवाद से संबंधित लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई तथा उनके शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर समाहर्ता द्वारा बताया गया कि वर्तमान में अरवल जिला अंतर्गत कुल 34 नीलाम पत्र पदाधिकारी कार्यरत हैं। सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित अधियाचक विभाग अथवा संबंधित बैंक से रजिस्टर-9 एंव 10 का मिलान करते हुए नीलाम पत्रवाद की अद्यतन स्थिति सुनिश्चित करें तथा उसके अनुरूप आवश्यक कार्रवाई करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करते हुए वसूली प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि राजस्व संग्रहण को प्रभावी बनाया जा सके। साथ ही सभी पदाधिकारियों को समय-समय पर अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया। बैठक में उपस्थित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं सभी थानाध्यक्षों को भी निर्देशित किया गया कि नीलाम पत्र पदाधिकारियों द्वारा निर्गत बी. डब्ल्यू (वारंट) से संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। अपर समाहर्ता ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस विभाग के आपसी समन्वय से लंबित नीलाम पत्रवाद मामलों के निष्पादन में तेजी लाई जा सकती है।
बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए जिन मामलों में कार्रवाई लंबित पाई गई, उनमें आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। अपर समाहर्ता ने कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। बैठक में नीलाम पत्रवाद मामलों के निष्पादन को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी कार्ययोजना निर्धारित की गई।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट