अरवल -भारतीय जनता पार्टी की ओर से दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान’ का भव्य शुभारंभ हुआ। जिसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी ने किया। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन बिहार सरकार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव एवं अरवल विधानसभा विधायक मनोज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। अरवल स्थित आनन्द विहार होटल के सभागार में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में पार्टी नेता समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रदर्शनी के निरीक्षण के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया। पार्टी की विचारधारा, जनसेवा के संकल्प और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित करना समय की मांग है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस प्रकार जनता के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है, उसी प्रकार संगठन को भी और अधिक धारदार बनाया जाएगा। प्रशिक्षण वर्ग में अरवल विधायक मनोज कुमार ने देश के समक्ष राजनीतिक व सामाजिक चुनौतियां के विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। विधायक मनोज कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक वैचारिक आंदोलन है।
दो दिनों तक चलने वाले इन प्रशिक्षण वर्गों में विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं एवं प्रशिक्षकों की ओर से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। वहीं कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता ने भाजपा के कार्यपद्धति के विषय पर कार्यकर्ताओं को पप्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि यह केवल औपचारिक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को जमीनी स्तर तक सक्रिय और मजबूत बनाने की रणनीतिक पहल है। भाजपा का लक्ष्य हर बूथ को मजबूत बनाना और कार्यकर्ताओं को आधुनिक राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
पार्टी आने वाले समय में गांव, पंचायत, वार्ड और शहरी क्षेत्रों तक अपनी पकड़ और मजबूत करने की योजना पर काम कर रही है। आगे भाजयुमो प्रदेश प्रभारी दुर्गेश सिंह ने व्यवहारिक सत्र लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। वहीं मनीष कुमार कश्यप ने स्थायी कार्यक्रम, बूथ प्रबंधन एवं मन की बात आईटी जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया। जनसंघ काल के कार्यकर्ताओं नेताओं के साथ साथ कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने आगामी संगठनात्मक चुनौतियों और विकसित बिहार के निर्माण के लिए अपने कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ तैयार करने का संदेश दिया है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट