अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सर्वप्रथम एन०एच०-33 के किंजर पुल पर भारी वाहनों के आवागमन पर रोक से संबंधित व्यवस्था की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी, करपी एवं अंचलाधिकारी, करपी को निर्देशित किया गया कि वे लगातार मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित करें कि भारी वाहनों का परिचालन किंजर पुल से न हो, ताकि आमजन की सुरक्षा एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे।
बैठक के दौरान सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण को निर्देशित किया गया कि दिव्यांगजनों हेतु प्रत्येक मंगलवार को सदर अस्पताल में आयोजित यूडीआईडी कार्ड निर्माण शिविर के लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए प्रखंड स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किया जाए। साथ ही सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि प्रखंड स्तरीय शिविरों में चिकित्सकों की टीम प्रतिनियुक्त करें, ताकि दिव्यांगजनों का यूडीआईडी कार्ड निर्माण कार्य सुगमता एवं त्वरित रूप से संपन्न हो सके। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) द्वारा अवगत कराया गया कि नए विद्यालय भवन निर्माण हेतु भूमि चयन एवं एन०ओ०सी० के संबंध में सभी अंचलाधिकारियों को पत्र प्रेषित किया गया है. परंतु अब तक भूमि चिहित कर सूची उपलब्ध नहीं कराई गई है।
इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारियों को अभियान चलाकर अपने-अपने अंचलों में विद्यालय निर्माण हेतु आवश्यकतानुसार भूमि चयन कर उसकी सूची अविलंब जिला शिक्षा पदाधिकारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में लघु सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता द्वारा बताया गया कि कुल 82 नलकूपों हेतु चयनित स्थलों से संबंधित भूमि के आवश्यक कागजात अब तक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सभी चयनित स्थलों से संबंधित भूमि कागजात शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें ताकि नलकूप स्थापना कार्य में प्रगति लाई जा सके।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह मंडप योजना हेतु भूमि हस्तांतरण की आवश्यकता से अवगत कराया गया। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारियों को आवश्यक भूमि चयन कर हस्तांतरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया। साथ ही पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान भवन निर्माण विभाग एवं स्थानीय क्षेत्र संगठन अभियंत्रण के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया गया कि लंबित पंचायत सरकार भवनों के निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए सभी पंचायत सरकार भवनों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर पंचायती राज विभाग को हस्तांतरित करना सुनिश्चित करें।
बैठक में सोलर स्ट्रीट लाइट योजना की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि करपी प्रखंड अंतर्गत 40 सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने हेतु स्थल चयन अब तक नहीं हो सका है, जिसके कारण कार्य लंबित है। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी, करपी को पचायतों का शीघ वयन कर भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया भवन निर्माण कार्य में प्रगति लाने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, अपरसमाहर्ता रविप्रसाद चौहान, संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट