अरवल – सुहर्ष भगत, निदेशक, भू-अभिलेख एवं परिमाप निदेशालय, बिहार, पटना की अध्यक्षता में अरवल जिला अंतर्गत संचालित विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी आवंटित्त 312 राजस्व ग्रामों में चल रहे विशेष सर्वेक्षण कार्यों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करना था। बैठक के प्रारंभ में अमृषा बैंस, जिला पदाधिकारी, अरवल द्वारा निदेशक को पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके उपरांत बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई।
सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी (मुख्यालय) द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विशेष सर्वेक्षण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। प्रस्तुतीकरण में सर्वेक्षण कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति, चुनौतियों तथा आगामी कार्ययोजना को विस्तार से दर्शाया गया। समीक्षा के दौरान निदेशक ने विशेष रूप से अभिलेखों के एंट्री से संबंधित लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त की तथा उनके शीघ्र निष्पादन हेतु ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रपत्र 6 प्रपत्र 8. प्रपत्र 12 एलपीएम वितरण सहित अन्य आवश्यक प्रपत्रों की अद्यतन स्थित्ति की गहन समीक्षा की तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सर्वेक्षण कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सर्वेक्षण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए अमीन डायरी का भी अवलोकन करना सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या विलंब को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से उसका निराकरण करें। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए भूमि संबंधी पारदर्शी एवं सटीक अभिलेख तैयार किया जा सकें। इस अवसर पर सईदा खातून जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, शैलेश कुमार उप विकास आयुक्त, रवि प्रसाद चौहान अपर समाहर्ता, रतन परवेज़ भूमि सुधार उप समाहर्ता सहित सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, कानूनगो, अमीन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट