अरवल – जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैंस की अध्यक्षता में भूमि विवाद से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन के संबंध में सभी संबंधित अंचलाधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य भू-समाधान पोर्टल पर भूमि विवाद से संबंधित प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा करना था।
इस दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा सभी अंचलाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि भूमि विवाद से जुड़े सभी मामलों का नियमानुसार शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रत्येक मामले की अद्यतन प्रविष्टि पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
जिला पदाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि यदि पोर्टल पर किसी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होती है. तो संबंधित विभाग को तत्काल पत्र प्रेषित कर आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त किया जाए, ताकि कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अतिरिक्त, अंचल कार्यालयों में भूमि विवाद के त्वरित निष्पादन हेतु आयोजित किए जाने वाले विशेष शिविरों में संबंधित अंचल के धानाध्यक्षों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष आपसी समन्वय स्थापित कर मामलों के निष्पादन में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन, अरवल द्वारा भूमि विवाद के मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को शीघ्र न्याय मिल सके। बैठक में अपर समाहर्ता रवि प्रसाद चौहान, भूमि सुधार उप समाहर्ता रतन परवेज सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट