अरवल – जिला पदाधिकारी अरवल, अमृषा बैस द्वारा कार्यालय प्रकोष्ट में जनता से साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनता से साक्षात्कार में लगभग 12 नागरिकों के द्वारा अपनी समस्याओं से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया। समस्याएँ मुख्य रूप से भूमि विवाद, अतिक्रमण, मारपीट, कब्जा, राजस्व विभाग, अंचलाधिकारी कार्यालय, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, अनुमंडल कार्यालय, जन शिकायत, विधि शाखा, शस्त्र, आपदा विभाग एवं अन्य विभाग से संबंधित थे। जनता से साक्षात्कार में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें से अधिकांश का भौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा सबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निदेश दिया गया कि जनता की समस्याओं का समाधान त्वरित और पारदर्शी तरीके से करें। रामपुर चौरम थाना स्थित ग्राम दोरा निवासी विमला देवी द्वारा बताया गया कि मौजा डोरा में आम गैरमजरूआ भूमि को जबरन कब्जा कर पक्का मकान का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामिणों द्वारा मना करने के बाद भी कार्य को नहीं रोका जा रहा है। मौजा दोरा में अतिक्रमण पर रोक लगवाने की कृपा की जाए। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा अंचलाधिकारी करपी को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया।
कुर्था प्रखण्ड स्थित ग्राम कोदमरई निवासी मुसर्रत जहाँ द्वारा बताया गया कि नया मकान पर न्यू विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन की जा रही है पर विद्युत विभाग कुर्था द्वारा बार-बार लौटा दिया जाता है, जिससे काफी परेशान हूँ। नया कनेक्शन दिलवाने की कृपा प्रदान की जाए। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा विद्युत विभाग अरवल एवं जन शिकायत अरवल को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया। अरवल प्रखण्ड स्थित ग्राम सकरी निवासी गीता देवी द्वारा बताया गया कि मेरा बेटा पतोह हमेशा हमारे एवं हमारे पति के साथ मारपीट एवं गाली गलौज करते रहता है। मना करने पर जान मारने की धमकी दी जा रही है। उचित कार्रवाई करने की कृपा प्रदान की जाए। इस पर जिला पदाधिकारी द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी अरवल को नियमानुसार आवश्यश्क कार्रवाई करने हेतु निदेशित किया गया।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट