अरवल – जिला पदाधिकारी अमृषा बैंष के मार्गदर्शन में 8वाँ राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा का आयोजन 09 अप्रैल से 23 अप्रैल, तक जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं सामुदायिक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के सभी पाँचों प्रखंडों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर “पोषण पर चर्चा’ गतिविधि का आयोजन किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों एवं उनके परिवार के सदस्यों को आमंत्रित कर पोषण के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान संतुलित आहार, गर्भावस्था के दौरान उचित देखभाल, प्रसव पूर्व जांच (ANC) का महत्व, उचित वजन बढ़ाना, शीघ्र एवं केवल स्तनपान तथा समय के अनुसार पूरक आहार जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त, करपी प्रखंड के कोचहासा पंचायत में बाल विकास परियोजना के तहत शिप्रा वर्मा की अध्यक्षता में ‘पोषण पर चर्चा’ विषय पर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली के माध्यम से समुदाय के बीच पोषण के प्रति जागरूकता फैलाते हुए स्वस्थ जीवनशैली जागरूकता का संदेश दिया गया। उक्त गतिविधियों का उद्देश्य आमजन, स्वैच्छिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े निकायों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा कुपोषण की समस्या को दूर करना है। जिला प्रशासन द्वारा ‘हर घर पोषण, हर बच्चा स्वस्थ के संकल्प के साथ यह अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट