अरवल – समेकित बाल विकास परियोजना अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों का व्यापक निरीक्षण अभियान संचालित किया गया । जिला प्रशासन द्वारा समेकित बाल विकास परियोजना (ICDS) के अंतर्गत संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को पूरक पोषण, प्रारंभिक शिक्षा, टीकाकरण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु सतत अनुश्रवण किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, अरवल अमृषा बैस के निर्देशानुसार जिले के सभी पंचायतों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण जिला स्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा अपने-अपने आवंटित पंचायतों में किया गया।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, पूरक पोषण आहार की गुणवत्ता एवं वित्तरण व्यवस्था, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को प्रदान की जा रही सेवाओं, टीकाकरण की स्थिति, प्रारंभिक शिक्षा (ECCE) की गतिविधियों तथा अभिलेखों के संधारण की गहन समीक्षा की गई।अधिकारियों द्वारा यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी लाभुकों को निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर सेवाएं प्राप्त हो रही है। जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी सेवाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित मानकों क अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।
साथ ही, नियमित रूप से अनुश्रवण एवं निरीक्षण जारी रखने के निर्देश भी दिए गए निरीक्षण उपरांत प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर यदि किसी भी प्रकार की कमी या अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा यह भी कहा गया है कि समेकित बाल विकास परियोजना के उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि जिले के बच्चों एवं माताओं के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित किया जा सके।
देवेंद्र कुमार की रिपोर्ट